Site icon क्रेडिट भारती Credit Bharti

सुकन्या समृद्धि योजना क्या है ?

What is Sukanya Samrudhhi Yojna ?

आज हम जानेंगे कि सुकन्या समृद्धि योजना क्या है ? सुकन्या समृद्धि योजना वैसे तो वर्ष 2014 में प्रारम्भ की गयी थी , लेकिन अभी भी अधिकांश लोगों को योजना के विषय में पर्याप्त जानकारी नहीं है। अल्प आय वर्ग के लोग ऐसा सोचते हैं कि सुकन्या समृद्धि योजना ज्यादा पैसे वालों के लिए है। संभवतः इसलिए, क्योंकि इसमें आयकर में छूट मिलती है। दूसरी ओर, सम्पन्न लोग ऐसा मानते हैं कि यह योजना गरीब लोगों के लिए है। कारण यह है कि इसमें कम से कम रु. 250/- से भी खाता खोला जा सकता है।

(image courtesy: Radhya & parents)

सच तो यह है कि सुकन्या समृद्धि योजना, सरकार की “बेटी बचाओ , बेटी पढ़ाओ ” अभियान का हिस्सा है । यह योजना ऐसे सभी परिवारों के लिए है, जिनमें बेटी की आयु 10 वर्ष से कम है। यह योजना वास्तव में बहुत अच्छी है। आपकी आमदनी कम है या ज्यादा , इससे कोई फर्क नहीं पड़ता है। योजना के विषय में सबको मालूम होना चाहिए। न केवल अपने लिए बल्कि दूसरों का मार्गदर्शन करने के लिए भी। यदि आपके परिवार में कोई पात्र बेटी नहीं है , तो आप अन्य परिवारों को जानकारी देकर उनकी सहायता कर सकते हैं ।

सुकन्या समृद्धि योजना क्या है ?

तो चलिये आगे जानते हैं कि सुकन्या समृद्धि योजना क्या है ? इस योजना का उद्देश्य क्या है ? सुकन्या समृद्धि योजना किसके लिए है ? सुकन्या समृद्धि योजना में खाता खोलने की पात्रता क्या है ? खाता कौन खोल सकता है, कब खोल सकता है? ब्याज कितना मिलेगा? सुकन्या समृद्धि योजना में क्या आयकर  में भी कोई छूट मिलेगी? यदि हाँ, तो कितनी? इन सभी सवालों के जवाब हम यहाँ जानने की कोशिश करेंगे।

इसके अलावा, सुकन्या समृद्धि योजना से पैसा कब निकाल सकते हैं? क्या निकाली गई राशि पर कोई टैक्स भी लगेगा? आपके इन सभी सवालों का जवाब तलाशने का प्रयास हम यहाँ करेंगे। चलिये आगे जानते हैं।     

सुकन्या समृद्धि योजना का उद्देश्य:

एक आम भारतीय परिवार में पारंपरिक रूप से कन्या को एक आर्थिक भार के रूप में देखा जाता रहा है । यही कारण है कि बेटियों की शिक्षा पर अधिक ध्यान नहीं दिया गया।

अब समय बदल गया है । अब बेटियाँ न ही पढ़ाई में पीछे हैं और न ही जीवन की चुनौतियों के निर्वाहन में । वे अब जीवन के हर क्षेत्र में अपनी पहचान स्थापित कर रही हैं ।

एक दूसरी समस्या जो भारतीय परिवारों में सदियों से घर बनाए है, वह है बेटी की शादी-विवाह में होने वाले खर्च। शायद इसीलिए राज्य सरकारें बिभिन्न नामों से बेटियों के विवाह में आर्थिक सहायता देने के लिए योजनाएँ चलाती हैं।  

सुकन्या समृद्धि योजना उपर्युक्त दोनों समस्याओं के समाधान का प्रयास करती है ।  

सुकन्या समृद्धि योजना के लिए पात्रता:

बेटी की आयु 10 वर्ष से कम होनी चाहिए ।

अधिकतम 2 बेटियों के लिए आप सुकन्या समृद्धि योजना के अंतर्गत खाता खोल सकते हैं।

बेटियाँ जुड़वां होने पर अधिकतम 3 बेटियों के लिए खाता खोला जा सकता है।

सुकन्या समृद्धि योजना खाता खोलने के लिए माता-पिता / स्वाभाविक संरक्षक के KYC दस्तावेजों के अतिरिक्त, बेटी का जन्म प्रमाणपत्र प्रस्तुत करना आवश्यक है।

एक बेटी, एक सुकन्या समृद्धि खाता 

एक बेटी के नाम पर आप केवल एक सुकन्या समृद्धि खाता खोल सकते हैं। ऐसा नहीं है कि आपने एक खाता डाकघर में खोल दिया और दूसरा खाता बैंक में । आप खाता कहीं भी खोलिए , लेकिन  एक बेटी के लिए केवल एक सुकन्या समृद्धि योजना खाता ही खोल सकते हैं।

कितनी रकम और कब तक जमा करनी है ?

सुकन्या समृद्धि खाता न्यूनतम रु. 250/- से प्रारम्भ किया जा सकता है। खाता चालू रखने के लिए प्रत्येक वित्त वर्ष में रु. 250/- जमा करना अनिवार्य है। वित्त वर्ष से तात्पर्य अप्रैल से मार्च की अवधि से है । रु. 250/- से अधिक राशि रु. 50/- के गुणांक में जमा की जा सकती है।

सुकन्या समृद्धि खाते में धनराशि जमा करने के लिए नकद, चेक , डिमांड ड्राफ्ट , ऑन लाइन ट्रान्सफर सुविधा का प्रयोग किया जा सकता है।

किसी भी वित्तीय वर्ष में सुकन्या समृद्धि योजना खाते में अधिकतम रु. 1,50,000/- जमा कर सकते हैं।

सुकन्या समृद्धि खाता खोलने की तिथि से 15 वर्षों तक खाते में धनराशि जमा करना आवश्यक है। ऐसा न करने पर रु. 50 प्रति वर्ष की दर से जुर्माना वसूलने का प्रविधान है,।

सुकन्या समृद्धि योजना खाता कहाँ खोलें ?

सुकन्या समृद्धि योजना खाता अपने नजदीकी डाकघर अथवा अधिकृत बैंक शाखाओं में खोला जा सकता है। खाते में राशि नकद, चेक, ड्राफ्ट अथवा ऑन लाइन ट्रान्सफर की जा सकती है।

अनेक बार स्थानांतरण अथवा किसी अन्य कारण से हमें शहर बदलना पड़ता है। ऐसी स्थिति में  यह  खाता एक डाकघर से अन्य डाकघर अथवा एक बैंक शाखा से अन्य बैंक शाखा में स्थानांतरित किया जा सकता है।  

सुकन्या समृद्धि योजना में ब्याजदर : 

कुछ मित्र यह जानना चाहते हैं कि सुकन्या समृद्धि योजना में ब्याज बैंक में अधिक मिलता है या  पोस्ट ऑफिस में ?

यहाँ मैं यह बताना चाहूँगा कि सुकन्या समृद्धि योजना एक प्रकार की लघु बचत योजना है। किसान बचत पत्र (KVP) , राष्ट्रीय विकास पत्र (NSC), पब्लिक प्रोविडेंट फ़ंड (PPF)  इसी प्रकार की अन्य योजनाएँ हैं । इस पर मिलने वाले ब्याज की घोषणा भी हर तिमाही भारत सरकार द्वारा की जाती है। अतः बैंक और पोस्ट ऑफिस दोनों में सुकन्या समृद्धि योजना खाते में ब्याज की दर समान ही होती है ।

वित्तीय वर्ष 2023-24 की जनवरी 2024 से मार्च 2024 तक की  तिमाही के लिए सुकन्या समृद्धि योजना खातों पर ब्याज-दर 8.20 % निर्धारित की गयी है। 

ब्याज की गणना वार्षिक चक्रवृद्धि (Annually Compounding) आधार पर की जाती है। ब्याज की राशि सुकन्या समृद्धि योजना के खाते में प्रति वर्ष जमा कर दी जाती है।

सुकन्या समृद्धि योजना का पैसा कब मिलेगा ?

बेटी की आयु 18 वर्ष पूर्ण करने पर आप एक बार केवल बेटी की शिक्षा पर खर्च के लिए पैसा निकाल सकते हैं। निकाली गयी राशि पूर्व वित्तीय वर्ष तक जमा कुल राशि के 50% से अधिक नहीं होनी चाहिए ।

18 से 21 वर्ष आयु के दौरान यदि बेटी की शादी तय हो जाती है , तब शादी के उद्देश्य के  लिए पूरा पैसा निकाल कर खाता बंद कर सकते हैं। 

बेटी की आयु 21 वर्ष पूर्ण होने पर आप खाता बंद कर सम्पूर्ण राशि प्राप्त कर सकते हैं।

सुकन्या समृद्धि योजना में टैक्स रियायतें : 

अगर टैक्स सम्बन्धी राहत की बात करें, तो सुकन्या समृद्धि योजना को EEE अर्थात Exempted-Exempted-Exempted सुविधा प्राप्त है। जो इसे टैक्स की दृष्टि से अत्यंत आकर्षक बनाता है ।

सुकन्या समृद्धि योजना खाते में जो राशि आप जमा करेंगे , वह आयकर कानून की धारा 80C के अंतर्गत छूट की पात्र होगी।

आपकी जमाराशि पर हर साल जो ब्याज मिलेगा, वह करमुक्त होगा।

खाते की परिपक्वता  पर संचित ब्याज सहित जो कुल राशि आपको मिलेगी , उस पर भी कोई टैक्स नहीं लगेगा।

सुकन्या समृद्धि योजना- निष्कर्ष :

इस दृष्टि से देखें, तो सुकन्या समृद्धि योजना बहुत ही आकर्षक है । ऐसे सभी माता-पिता को इस योजना का लाभ लेना चाहिए ,  जिनकी बेटी या बेटियों की आयु अभी 10 वर्ष से कम है ।   भले ही आर्थिक स्थिति के हिसाब से वे किसी भी श्रेणी में आते हों ।

हम जानते हैं कि सुकन्या समृद्धि योजना में बचाई गयी धनराशि संभवतः पढ़ाई और विवाह संबंधी खर्चों के लिए पर्याप्त न हो। ऐसी स्थिति में शिक्षा ऋण का लाभ लिया जा सकता है। विवाह – शादी संबंधी उत्सवों के लिए पर्सनल लोन लेना अब आम बात है ।

आशा है कि सुकन्या समृद्धि योजना क्या है, यह इस संक्षिप्त लेख में बताने में  हम सफल रहे हैं। यदि यह जानकारी आपको अच्छी लगी हो, तो Like कर हमारा उत्साहवर्धन करें। आप अपनी टिप्पणी और सुझाव Comment Box में दे सकते हैं।

Original post published on 21st August, 2021. Updated on 30th December, 2023.

Exit mobile version